Tuesday, 03 November 202603:32:33 PM
Advertisement
Advertisement
उत्तराखंड

प्रकृति से लगातार छेड़छाड़ एवं उसके स्वभाव के विपरीत कार्य करने का खामियाजा मनुष्य भुगत रहा है बाढ़ एवं भू स्खलन के रूप में।

June 6, 2025   ·   Jeewan Bisht
WhatsApp ShareFacebook

चंपावत। जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने कहा कि यदि समय रहते हमने पौधारोपण, वन संरक्षण करने के साथ प्रकृति के स्वभाव के विपरीत आचरण करना बंद नहीं किया तो हम हरे भरे जंगलों, वनाच्छादित पर्वतमाला के स्थान पर नंगे पहाड़ व रेगिस्तान छोड़ जाएंगे। जिलाधिकारी नर्सिंग कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय पर्यावरण गोष्ठी में जिले के लोगों को सचेत कर रहे थे। उन्होंने कहा पेड़ जन्म से लेकर मृत्यु तक परछाई की तरह हमारा साथ देते आ रहे हैं। इसके साथ मानव जिस क्रूरता के साथ व्यवहार कर रहा है, उसका खामियाजा हमें एक एक बूंद पानी एवं शुद्ध आबोहवा के अभाव के रूप में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब तक हमारा प्रकृति के साथ नाता बना रहा और हमारे पूर्वज पीढ़ी दर पीढ़ी वनों की हरियाली हमें सौंपते गए, किंतु आज के लालची एवं स्वार्थी समाज ने प्रकृति के साथ जो क्रूरता दिखाई है, उससे निश्चित तौर पर हमारे कदम विनाश की ओर बढ़ रहे हैं। यह समय सोचने का नहीं बल्कि धरती माता के आंचल को हरा भरा करने के लिए हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में पौधारोपण कर उनका अपने बच्चों की तरह ख्याल रखे। मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम पाण्डे ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के मॉडल जिले से पूरे उत्तराखंड को संदेश जाना चाहिए कि यहां जन सहभागिता से हम प्लास्टिक का अपने व्यावहारिक जीवन में प्रयोग छोड़कर अपने घर से झोला ले जाकर चलने की आदत बनाएं। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा सिद्धि विनायक के गुणगान से की गई तथा छात्र छात्राओं द्वारा अपने कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। इस प्रतियोगिता में अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कृत किया गया। डीएफओ नवीन चन्द्र पंत ने कहा कि हर कार्य की शुरुआत हमें अपने से करनी चाहिए। प्लास्टिक उन्मूलन का शुभारंभ हम अपने घर से करें। प्रत्येक मतदान केन्द्र में लोग 10-10 पौधों को अपनी स्मृति के रूप में लगाएं। हमें अपने पूर्वजों की विरासत नौलों की सफाई कर उसके जल को शुद्ध रखने के उपाय करने हैं। प्रकृति के बदलते स्वरूप को देखते हुए यह जरूरी हो गया है कि धरती माता का आंचल हरा भरा रखा जाए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों व नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन प्रेमा पाण्डे, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रशासक रेखा देवी, सीडीओ डॉ जी एस खाती, एस.एस.बी के ऐसी करण चौहान, एसीएफ नेहा चौधरी, सीएओ धनपत कुमार समेत नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य एवं छात्र छात्राएं मौजूद थे।

WhatsApp ShareFacebook
error: Content is protected !!