Tuesday, 03 November 202603:31:38 PM
Advertisement
Advertisement
उत्तराखंड

प्रधानमंत्री मोदी के कारण सशक्त राष्ट्र की नींव पड़ने के साथ वैश्विक स्तर पर उसे मिली बड़ी पहचान।

June 6, 2025   ·   Jeewan Bisht
WhatsApp ShareFacebook

चंपावत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल के कार्यकाल में देश में राष्ट्रवादी ताकतों को फलने फूलने का सुनहरा अवसर मिलने के साथ देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसकी लोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी। वैश्विक स्तर पर नए भारत की तस्वीर को मान्यता मिलने से देश दुनिया की पांचवी आर्थिक ताकत बनने के साथ वह तीसरी महाशक्ति बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। स्वदेश में निर्मित रक्षा उत्पादों ने हालिया ऑपरेशन में अपनी क्षमता का जो दमदार प्रदर्शन किया, उसे देखकर दुनिया भी दंग रह गई और सारे राष्ट्र का स्वाभिमान एक बार फिर जाग गया। यह बात भाजपा जिला कार्यालय में पीएम मोदी के 11 साल के कार्यकाल को सेवा, सुशासन एवं जन कल्याण के रूप में मनाए जाने पर विस्तृत चर्चा करते हुए मुख्य वक्ता कुंदन परिहार ने कही। उन्होंने कहा आज मोदी जी को लोग अवतारी महापुरुष मानते हैं, जो भारत को पुरातन वैभव की ओर ले जा रहे हैं। जिला प्रभारी वीरेंद्र सिंह वल्दिया ने कहा हम सबको गर्व होना चाहिए कि हम ऐसे राष्ट्रीय दल से जुड़े हुए हैं, जिसका जन्म ही राष्ट्र की आन, बान और शान को चमकाने एवं उसकी हर सोच एवं कार्य राष्ट्र को आगे रख कर किया जाता है। उन्होंने कहा जिस दल में प्रधानमंत्री मोदी जी जैसे त्यागी और तपस्वी लोग होंगे, इसका अंदाजा स्वयं लगाया जा सकता है कि उसकी जड़ें कितनी मजबूत होंगी। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत ने कहा मोदी जी के कार्यकाल की महक देश के गरीब से गरीब के यहां पहुंची है। उस गरीब ने कभी सपने में भी कल्पना नहीं थी कि उसकी झोपड़ी कभी पक्के मकान के रूप में बदलेगी। कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य सतीश चंद्र पांडे ने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का जो समग्र विकास एवं लोगों का स्वाभिमान बढ़ा है, वह सब इतिहास का एक दस्तावेज बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कारण ही कार्यकर्ताओं की पहचान रही है। पार्टी जितने ऊंचे पायदान में पहुंचेगी, कार्यकर्ता का उतना ही सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने 11 साल में देश को मिली उपलब्धियों का घर-घर जाकर लोगों को बताने पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका की अध्यक्ष प्रेमा पांडे, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष निर्मल माहरा, प्रांतीय मंत्री हेमा जोशी, सुभाष बगौली के अलावा भाजपा के सभी मंडलों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद थे। संचालन राजेंद्र बिष्ट ने किया। कार्यशाला की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम एवं समापन राष्ट्रगान से किया गया।

WhatsApp ShareFacebook
error: Content is protected !!