चम्पावत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की बैठक में लिया गया निर्णय, 1 नवंबर से मिलेगा ₹48 प्रति किलो/लीटर का मूल्य
चम्पावत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की प्रबंध समिति की बैठक 16 अक्टूबर को संस्था की अध्यक्षा पार्वती देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के दुग्ध उत्पादकों और संस्था के कर्मचारियों के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए दूध की खरीद दर में ₹2 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में दुग्ध उत्पादकों को दूध का मूल्य ₹46 प्रति किलोग्राम मिल रहा है, जिसे बढ़ाकर ₹48 प्रति किलोग्राम/प्रति लीटर किया गया है। नई दर 1 नवंबर 2026 से दीपावली से पूर्व लागू होगी। इस निर्णय से जिले के दुग्ध उत्पादकों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।
बैठक में संस्था के कर्मचारियों के हित में भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कर्मचारियों की संस्था के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 15 प्रतिशत की दर से बोनस/एक्सग्रेशिया भुगतान करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी तथा एसीपी का लाभ अनुमन्य किए जाने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रबंध समिति ने संस्था को कैशलेस व्यवस्था की ओर ले जाने पर भी विचार-विमर्श किया। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मचारियों को उनके पद एवं कार्य के अनुरूप वास्तविक कैटेगरी में रखने का निर्णय शासनादेश के अनुरूप लिया गया।
बैठक में दुग्ध क्षेत्र में फील्ड पर्यवेक्षण को मजबूत करने के लिए पांच सहायक क्षेत्र पर्यवेक्षक के रिक्त पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से कार्मिक नियुक्त करने का निर्णय भी लिया गया। इससे दुग्ध समितियों और उत्पादकों के साथ बेहतर समन्वय तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
दुग्ध उत्पादकों की विभिन्न मांगों पर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। इसमें पशुचारा अनुदान की धनराशि बढ़ाने तथा पर्वतीय राज्य की परिस्थितियों के अनुरूप दुग्ध मूल्य निर्धारित करने जैसी मांगें शामिल रहीं। शासन स्तर से संबंधित प्रस्तावों को शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा फील्ड में ग्रुप सचिव के रूप में कार्यरत कार्मिकों, जो संस्था के स्वीकृत स्टाफिंग पैटर्न में सहायक क्षेत्र पर्यवेक्षक के पद के समक्ष कार्यरत हैं, के समायोजन और इसके बाद रिक्त पदों के विरुद्ध नियमितीकरण के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रबंध समिति सदस्य लक्ष्मण सिंह, कलावती देवी, मंजू मनराल, दीपा देवी, नीरू देवी सहित प्रबंधक/सहायक निदेशक सुनील अधिकारी मौजूद रहे।
दूध खरीद दर में बढ़ोतरी को दीपावली से पहले लागू किए जाने से जिले के दुग्ध उत्पादकों में आर्थिक राहत की उम्मीद है।
