लोहाघाट की महत्वाकांक्षी सरयू लिफ्ट पेयजल परियोजना के लिए ₹10.50 करोड़ जारी, तेजी से पूर्ण होंगे कार्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में लोहाघाट नगर की दीर्घकालिक पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने वाली अत्यंत महत्वाकांक्षी सरयू लिफ्ट पेयजल परियोजना के निर्माण कार्यों को नई गति मिली है।
. मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार द्वारा कुल ₹84 करोड़ 45 लाख की लागत वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए ₹10.50 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई है, जो लोहाघाट क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और ‘हर घर जल’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
इस संबंध में जल निगम के अधिशाषी अभियंता श्री अशोक स्वरूप ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वीकृत हुई ₹10.50 करोड़ की इस धनराशि के बाद अब योजना के निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व तेजी लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि लोहाघाट नगर क्षेत्र में लंबे समय से पानी की परेशानी बनी रहती थी, विशेषकर गर्मियों के दिनों में पेयजल की किल्लत अत्यधिक बढ़ जाती थी। अब इस स्वीकृति से निर्माण कार्य समयबद्ध और तीव्र गति से पूर्ण हो सकेंगे, जिससे समस्त नगर एवं आसपास के क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से स्थायी राहत मिलेगी और बड़ी आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा।
अधिशाषी अभियंता श्री अशोक स्वरूप ने आगे बताया कि विभाग द्वारा परियोजना की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
. मुख्यमंत्री के इस जनकल्याणकारी निर्णय से लोहाघाट नगर हेतु यह महत्वाकांक्षी योजना आने वाले समय में स्थानीय नागरिकों की पेयजल जरूरतों की पूर्ति के लिए एक संजीवनी साबित होगी।






