विद्यालयों में होगा कक्ष-कक्षों का निर्माण, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शिक्षण सुविधाओं का लाभ

विद्यालयों में होगा कक्ष-कक्षों का निर्माण, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शिक्षण सुविधाओं का लाभ
विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं में सुधार से बेहतर होगा पढ़ाई का वातावरण
ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराने की पहल
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य के अनुरूप जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत के विभिन्न विद्यालयों में आवश्यक कक्षा-कक्षों का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने बताया कि विद्यालयों के भवनों की स्थिति एवं कक्षा-कक्षों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इनमें विकासखंड बाराकोट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय चाचड़ी, विकासखंड पाटी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मैरोली एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चल्थियां तथा विकासखंड लोहाघाट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मडचमार में एक-एक कक्षा-कक्ष का निर्माण किया जाएगा। इन विद्यालयों में नए कक्षा-कक्ष बनने से विद्यार्थियों के लिए शिक्षण सुविधाओं का विस्तार होगा।
इन कार्यों के क्रियान्वयन से विद्यार्थियों को बैठने एवं अध्ययन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही शिक्षकों को कक्षाओं के व्यवस्थित संचालन में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।
कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यालयों की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा पठन-पाठन के लिए अनुकूल वातावरण विकसित होगा। इससे बच्चों की शैक्षिक गतिविधियों के बेहतर संचालन और नियमित शिक्षण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।






