खाद्य सुरक्षा विभाग की दीपावली विशेष: टनकपुर और बनबसा क्षेत्रों में जनरल स्टोर्स व मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण, 7 सैंपल जांच के लिए भेजे

आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त उत्तराखंड और जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को टनकपुर और बनबसा क्षेत्र के विभिन्न जनरल स्टोर्स एवं मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण किया।
इस अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान आम जनमानस को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य अधिकारी योगिता तिवारी ने खाद्य कारोबारियों को अपनी दुकानों पर बेची जाने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों पर उनके निर्माण एवं उपयोग की तिथि (मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट) स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कारोबारियों को इस संबंध में जागरूक भी किया गया कि वे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न करें। प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई (हाइजीन), एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की गई।
त्योहार पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा विभिन्न खोया से बनी मिठाइयों, तेल, मैदा ,खिलोना , पैक्ड मिठाई आदि के कुल 07 संदेहास्पद सैंपल भरकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला (Govt Lab) भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने क्षेत्र के समस्त खाद्य कारोबारियों को कड़ी हिदायत दी है कि वे त्योहारी सीजन में केवल उच्च गुणवत्ता, ताजी और स्वच्छ खाद्य सामग्री ही तैयार करें और बेचें। साथ ही, कालातीत (एक्सपायर्ड) या बासी सामग्री के विक्रय के प्रति विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।






