चम्पावत । जिला चिकित्सालय चम्पावत में आज अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय जी की अध्यक्षता में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय द्वारा कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 20 किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया। सभी लाभार्थियों का पंजीकरण U-WIN पोर्टल के माध्यम से किया गया, जिससे टीकाकरण प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पाण्डेय, मदन राणा, जगदीश जोशी, प्रभाकर मिश्रा, विनोद बोहरा सहित एएनएम, सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने बताया कि HPV वैक्सीन किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाने में अत्यंत प्रभावी है। यह वैक्सीन शरीर में HPV संक्रमण के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित करती है, जो महिलाओं में कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। कम उम्र में टीकाकरण कराने से दीर्घकालीन सुरक्षा मिलती है और महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत आधार मिलता है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित करें। यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
