बनबसा (चम्पावत): सीमांत जनपद चम्पावत के चम्पावत ब्लॉक के अंतर्गत बनबसा वार्ड संख्या-4 में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सुरक्षित प्रसव को लेकर एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों के साथ इंटर-पर्सनल कम्युनिकेशन (IPC) बैठकें कीं, जिसका मुख्य उद्देश्य संस्थागत प्रसव (अस्पताल में प्रसव) के महत्व को समझाना था।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। महिलाओं को ‘इजाबोई शगुन’ योजना, जननी सुरक्षा योजना (JSY) और जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) के तहत मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही परिवार नियोजन की विभिन्न योजनाओं और उनके फायदों पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान टीम ने घर पर प्रसव (होम डिलीवरी) के दौरान होने वाले संभावित खतरों और जटिलताओं के प्रति परिजनों को आगाह किया। विशेषज्ञों ने जोर देकर कहा कि जच्चा-बच्चा की सुरक्षा के लिए अस्पताल में प्रसव कराना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है। प्रसव के समय किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से बचने के लिए टीम ने गर्भवती महिलाओं के साथ ‘बर्थ प्लान’ पर चर्चा की। इसमें प्रसव से पूर्व की जाने वाली जरूरी तैयारियों, खान-पान और समय पर जांच कराने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया गया।
