जनपद चम्पावत में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को अत्यंत गरिमामय, भव्य और हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समस्त विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार 15 अगस्त को प्रातः 09:00 बजे जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में अनिवार्य रूप से ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि कलेक्ट्रेट परिसर में प्रातः 9:30 बजे मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न होगा।
राष्ट्रीय पर्व के इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों का सम्मान तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उत्सव के माहौल को और अधिक भव्यता प्रदान करने के लिए 14 और 15 अगस्त की शाम को सभी शासकीय, गैर-शासकीय व ऐतिहासिक भवनों को लो-वोल्टेज एलईडी लाइटों से प्रकाशमान करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य शिक्षा अधिकारी चम्पावत के नेतृत्व में जनपद मुख्यालय तथा जिले के सभी विद्यालयों में 15 अगस्त 2026 को प्रातः 07:00 बजे से प्रभात फेरी का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से खेलकूद, विचार गोष्ठी, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध लेखन प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने समारोह के दृष्टिगत संपूर्ण जिले में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष बल देने के आदेश दिए हैं। उन्होंने समस्त नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को सार्वजनिक स्थलों, सड़कों तथा पार्कों की गहन साफ-सफाई सुनिश्चित करने और महापुरुषों की प्रतिमाओं का रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए हैं।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण कर वातावरण को देशप्रेम के रंग में रंगा जाएगा।
नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अभूतपूर्व योगदान और बलिदान से अवगत कराने के उद्देश्य से मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में भाषण, पेंटिंग, गोष्ठी, निबंध लेखन, गायन, स्लोगन तथा विविध सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु तिरंगा यात्रा, तिरंगा प्रतिज्ञा, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों एवं आम जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की तस्वीरें, वीडियो क्लिप और सेल्फी आधिकारिक ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाएंगी।
