Saturday, 07 November 202611:10:45 AM
Advertisement
Advertisement
उत्तराखंड

विश्व प्रसिद्ध अद्वैत आश्रम मायावती को जोड़ने वाली सड़क स्वामी विवेकानंद जी के नाम पर होगी समर्पित।

November 9, 2024   ·   Jeewan Bisht
WhatsApp ShareFacebook

लोहाघाट। विश्व प्रसिद्ध अद्वैत आश्रम मायावती को जोड़ने वाली 9 किलोमीटर लंबी पर्यटन, इको टूरिज्म, आध्यात्मिक पर्यटन एवं गौरवशाली विरासत को जोड़ने वाली सड़क लोक निर्माण विभाग युग पुरुष स्वामी विवेकानंद जी को समर्पित करेगा ‌। जनप्रतिनिधियों एवं पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों की पहल पर पीडब्ल्यूडी ने यह कदम उठाया है। अद्वैत आश्रम मायावती वह स्थान है जहां 1901 में स्वामी विवेकानंद जी ने यहां एक पखवाडे तक प्रवास किया था तथा उनकी परिकल्पनाओं के अनुसार यहां अद्वैत आश्रम की स्थापना की गई थी। तब से यह स्थान दुनिया के अद्वैत व वेदांत पर विश्वास रखने वाले लोगों के लिए एक ऐसा केंद्र बन गया है जहां आने पर उन्हें ईश्वरीय सत्ता से जुड़ने की अनुभूति होती है। इस संबंध में नवागत लोनिवि के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने इस महत्वपूर्ण सड़क को आकर्षक बनाने का बीड़ा उठाया है। उनका कहना है कि यह मॉडल जिले की ऐसी सड़क है जो हर दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता ने अद्वैत आश्रम मायावती जाकर वहां के प्रेसिडेंट स्वामी शुद्धिदानन्द जी महाराज का मार्गदर्शन प्राप्त किया। स्वामी जी ने कहा कि सड़क के प्रारंभ में विवेकानंद द्वार प्रस्तावित करने के साथ पूरे मार्ग का वर्ष भर अनुरक्षण कर नैनीताल के माल रोड की तरह व्यवस्था की जाए। जंगलों के बीच से गुजरने वाली इस सड़क के सकरे स्थान में क्रैश बैरियर लगाने तथा व्यू प्वाइंट बनाए जाए। पूरे सड़क मार्ग में स्वामी विवेकानंद जी के अमृतवाणी के संदेशों को प्रत्येक वृक्ष में लगाया जाए। स्वामी जी ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा इस कार्य में वे पूरा सहयोग देंगे। अधिशाषी अभियंता ने कहा कि वे इस संबंध में जिलाधिकारी से भी मार्गदर्शन लेकर इस सड़क को भव्य रूप देने का पूरा प्रयास करेंगे । इस अवसर पर धर्मार्थ चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एक देवानंद जी महाराज लोनिवि के अभियंता हरीश बथियाल ,दीपक दताल भी मौजूद थे। अधिशासी अभियंता ने पूरे मार्ग में आपदा से हुई क्षति का भी जायजा लिया।

WhatsApp ShareFacebook
error: Content is protected !!