मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वपूर्ण घोषणा के अंतर्गत लोहाघाट नगर की पेयजल समस्या के दीर्घकालिक समाधान की दिशा में लगभग 84.45 करोड़ रुपये की सरयू आधारित लोहाघाट नगरीय पंपिंग पेयजल योजना के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस योजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए जल निगम द्वारा निर्माण कार्यों के साथ ही आवश्यक विभागीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

अधिशासी अभियंता जल निगम अशोक स्वरूप ने बताया कि योजना के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र में नई वितरण प्रणाली विकसित की जानी है। इसके लिए आवश्यक पाइपों का ऑर्डर पूर्व में ही दिया जा चुका है और आगामी 10 दिनों के भीतर पाइप कार्यस्थल पर पहुंच जाएंगे। पाइप पहुंचते ही नगर पालिका क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने का कार्य तत्काल शुरू कर तेजी से पूर्ण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित वन भूमि स्वीकृति का प्रस्ताव भी शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है। इसकी विभाग द्वारा प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि स्वीकृति प्राप्त होते ही संबंधित कार्यों को बिना विलंब आगे बढ़ाया जा सके। योजना के प्रत्येक चरण की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अधिशासी अभियंता ने बताया कि मा. मुख्यमंत्री की इस महत्वपूर्ण घोषणा को निर्धारित समय में धरातल पर लाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। निर्माण कार्य एवं आवश्यक स्वीकृतियों से जुड़ी प्रक्रियाओं को समानांतर रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे योजना को शीघ्र पूर्ण किया जा सके।

सरयू आधारित पंपिंग पेयजल योजना लोहाघाट नगर की भविष्य की पेयजल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण साबित होगी। योजना के पूर्ण होने से नगर की पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ वर्तमान जलापूर्ति पर दबाव कम होगा और नगरवासियों को बेहतर एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में स्थायी समाधान मिलेगा।

By Jeewan Bisht

"द पब्लिक मैटर" न्यूज़ चैनल पर स्वागत है. यहां आपको मिलेगी उत्तराखंड की लेटेस्ट खबरें, पॉलिटिकल उठापटक, मनोरंजन की दुनिया, खेल-जगत, सोशल मीडिया की वायरल खबरें, फिल्म रिव्यू, एक्सक्लूसिव वीडियोस और सेलिब्रिटीज के साथ बातचीत से जुड़े रहने के लिए बने रहे "द पब्लिक मैटर" के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!