चम्पावत जनपद के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में वर्तमान में हो रहें विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा के साथ विकास की भावी दिशा, उपलब्धियों, संभावनाओं एवं जन आकांक्षाओं को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, पत्रकारों, भूतपूर्व सैनिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने सहभागिता कर चम्पावत के सुनियोजित एवं समग्र विकास को लेकर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष मती प्रेमा पाण्डेय, चम्पावत संघर्ष समिति के अध्यक्ष बसंत तड़ागी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर केक काटकर चम्पावत जनपद की 29वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई गई तथा जनपद की निरंतर प्रगति और समृद्धि की का संकल्प लिया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समस्त जनपदवासियों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 सितम्बर 1997 को चम्पावत जनपद की स्थापना जिस भावना और उद्देश्य के साथ की गई थी, उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज जनपद विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मा.मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, आधारभूत संरचना, आजीविका और जनसुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में विकास के साथ नवाचार और बेस्ट प्रैक्टिस को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। लिगेसी वेस्ट का निस्तारण, पिरूल ब्रिकेट यूनिट, ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी), ज्ञान सेतु, आंगनबाड़ी केंद्रों में सोलर लाइट तथा दूरस्थ क्षेत्र खिरद्वारी तक बिजली पहुंचाने जैसी पहल इसका उदाहरण हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट स्थापित की गई है। वहीं छमनियां, लोहाघाट में राज्य के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, चम्पावत में साइंस सेंटर, टनकपुर में आईएसबीटी तथा गोल्ज्यू कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं के माध्यम से जनपद के भविष्य की मजबूत नींव तैयार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि चम्पावत के विकास की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोग और उनकी सहभागिता है। जनपद की स्थानीय आवश्यकताओं, प्राकृतिक संसाधनों, पर्यटन एवं कृषि की संभावनाओं तथा युवाओं और महिलाओं की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थापना दिवस की यह गोष्ठी केवल उपलब्धियों पर चर्चा का अवसर नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में चम्पावत को किस दिशा में आगे बढ़ाना है, इस पर सामूहिक चिंतन का भी महत्वपूर्ण मंच है।

ग्राम प्रधान भिंगराड़ा मती गीता भट्ट ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से संचालित पिरूल ब्रिकेट यूनिट के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं एवं प्रशासन के सहयोग से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं और उनकी आर्थिकी मजबूत हुई है। उन्होंने पिरूल जैसे स्थानीय संसाधन को आजीविका से जोड़ने की पहल को महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

गोष्ठी में व्यापार संघ अध्यक्ष श्री विकास शाह, प्रगतिशील किसान रघुवर मुरारी, सहकारी कृषि से जुड़े किसान राकेश उपाध्याय तथा पत्रकार पंकज पाठक ने भी अपने विचार एवं सुझाव रखे। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1997 में स्थापना के बाद चम्पावत ने निरंतर विकास की यात्रा तय की है और आज जनपद में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, सड़क, खेल एवं स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने समस्त जनपदवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ की दिशा में जनपद ने महत्वपूर्ण प्रगति की है।मा. मुख्यमंत्री द्वारा चम्पावत के विकास को विशेष प्राथमिकता दिए जाने से अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं, जिनका लाभ आने वाले समय में जनपदवासियों को व्यापक रूप से मिलेगा।

दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत में तेजी से हो रहे विकास कार्य जनपद को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनपद के समग्र विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, खेल एवं रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

चम्पावत संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्री बसंत तड़ागी ने जनपदवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि चम्पावत के विकास की यात्रा में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से ‘आदर्श चम्पावत’ के निर्माण में सकारात्मक सोच और सहयोग के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, सीएचओ योगेश भट्ट सहित भूतपूर्व सैनिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By Jeewan Bisht

"द पब्लिक मैटर" न्यूज़ चैनल पर स्वागत है. यहां आपको मिलेगी उत्तराखंड की लेटेस्ट खबरें, पॉलिटिकल उठापटक, मनोरंजन की दुनिया, खेल-जगत, सोशल मीडिया की वायरल खबरें, फिल्म रिव्यू, एक्सक्लूसिव वीडियोस और सेलिब्रिटीज के साथ बातचीत से जुड़े रहने के लिए बने रहे "द पब्लिक मैटर" के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!