. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन द्वारा देवीधूरा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम देचमार, तहसील पाटी में मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण के लिए ₹980.23 लाख (लगभग ₹9.80 करोड़) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत धनराशि ₹392.09 लाख (लगभग ₹3.92 करोड़) स्वीकृत की गई है।

मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, चम्पावत के माध्यम से कराया जाएगा। स्वीकृत धनराशि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, चम्पावत के माध्यम से कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि देवीधूरा धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से जनपद का महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आवागमन होता है। मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग के लिए व्यवस्थित सुविधा विकसित होगी, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। इससे देवीधूरा क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित शर्तों एवं मानकों का अनुपालन करते हुए निर्माण कार्य की आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उपयोग की जाने वाली सामग्री का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण भी किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति के लिए मा. मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसके निर्माण से देवीधूरा क्षेत्र में पार्किंग की समस्या के समाधान के साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी सहायता मिलेगी।

By Jeewan Bisht

"द पब्लिक मैटर" न्यूज़ चैनल पर स्वागत है. यहां आपको मिलेगी उत्तराखंड की लेटेस्ट खबरें, पॉलिटिकल उठापटक, मनोरंजन की दुनिया, खेल-जगत, सोशल मीडिया की वायरल खबरें, फिल्म रिव्यू, एक्सक्लूसिव वीडियोस और सेलिब्रिटीज के साथ बातचीत से जुड़े रहने के लिए बने रहे "द पब्लिक मैटर" के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!