मुख्य कृषि अधिकारी ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की दी जानकारी
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किसानों के कल्याण एवं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह के दूसरे बृहस्पतिवार को ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाए जाने के क्रम में आज गुरुवार को विकासखंड पाटी के सभागार में विकासखंड स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
किसान दिवस में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, रेशम, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने विभागीय योजनाओं, अनुदान एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी किसानों से साझा की। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को और अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया। किसानों ने अधिकारियों एवं विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं, सुझाव एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। संबंधित अधिकारियों द्वारा किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके नियमानुसार त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की समस्याओं का समाधान तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने किसानों से आपसी समन्वय के साथ कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित किसानों एवं अन्य प्रतिभागियों को तिरंगा झंडा वितरित किया गया । इस दौरान सभी से राष्ट्रप्रेम एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को सर्वोपरि रखते हुए आगामी 15 अगस्त को अपने-अपने घरों की छतों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाने का आह्वान किया गया।
इसके पश्चात नोडल अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों एवं किसानों द्वारा संयुक्त रूप से तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के दौरान विकासखंड परिसर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल, विकासखंड प्रभारी कृषि श्री राणा सिंह राणा, सहायक कृषि अधिकारी नरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह, प्रताप ढाली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
