Monday, 02 November 202602:46:17 PM
Advertisement
Advertisement
उत्तराखंड

गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से प्रेरित जोड़ मेला रीठा साहिब में आरंभ।

June 9, 2025   ·   Jeewan Bisht
WhatsApp ShareFacebook

जनपद चंपावत की लधिया एवं रतिया नदी के संगम पर स्थित पावन सिख तीर्थ गुरुद्वारा रीठा साहिब में सिख समुदाय का विश्व प्रसिद्ध तीन दिवसीय जोड़ मेला सोमवार से श्रद्धा, सेवा और भक्ति भाव के साथ आरम्भ हो गया। मेले का उद्घाटन उपजिलाधिकारी नितेश डागर, कारसेवा प्रमुख बाबा बच्चन सिंह, बाबा सुरेंद्र सिंह, तथा गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देशानुसार, उपजिलाधिकारी ने मेले की सभी प्रमुख व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उपजिलाधिकारी डागर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु परेवा क्षेत्र में अस्थायी पार्किंग, स्नान के लिए नदी तट पर कच्चा पुल, लंगर एवं विश्राम स्थलों की व्यवस्थित व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, शुद्ध पेयजल, शौचालय, तथा स्वच्छता कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सुरक्षा हेतु पुलिस विभाग द्वारा चेक पोस्ट बनाए गए हैं और यातायात को सुगम बनाए रखने हेतु विशेष प्रबंध किए गए हैं।

इस अवसर पर बाबा सुरेंद्र सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पर्वतीय मार्गों में संयमपूर्वक यात्रा करें और “गुरु महाराज की कृपा से मेले की सभी व्यवस्थाएं सुचारु हैं, सभी श्रद्धालु सुरक्षित यात्रा करते हुए रीठा साहिब पधार कर मत्था टेके।”

     उन्होंने कहा कि  रीठा साहिब ऐसा दिव्य स्थान है जहां गुरुनानक देव जी ने सत्संग कर कड़वे रीठे में मिठास भर कर दुनिया को प्रेम, सेवा व समर्पण का संदेश दिया था। गुरु महाराज के बताये गये मार्ग पर न्यायपूर्ण, समावेशी और सामंजस्यपूर्ण समाज के सपने को पूरा करने के लिए खुद को समर्पित करने का संकल्प लें।
गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने बताया कि “गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ की मधुर ध्वनि के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति भाव से नतमस्तक होकर दर्शन लाभ ले रहे हैं।”

मेले में अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ सुबह से विधिवत रूप से हुआ, जिसकी पावन धारा में श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं। इस अवसर पर कारसेवा प्रमुख बाबा बच्चन सिंह एवं बाबा सुरेन्दर सिंह द्वारा “स्वर्गीय बाबा तरसेम सिंह जी यात्री निवास” का विधिवत उद्घाटन एवं अरदास की गई। यह यात्री निवास 60 कमरों का है, जो भविष्य में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। प्रशासन, पुलिस विभाग एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा मेले के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय आयोजन हेतु संयुक्त रूप से कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जनपद के अधिकारी/ कार्मिक, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के कार्मिक सहित राज्य व देश के विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालु, स्थानीय लोग व अन्य मौजूद रहे।

WhatsApp ShareFacebook
error: Content is protected !!