Tuesday, 03 November 202601:17:05 AM
Advertisement
Advertisement
उत्तराखंड

चम्पावत भाजपा मंडल अध्यक्ष पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप

December 30, 2023   ·   Jeewan Bisht
WhatsApp ShareFacebook

चम्पावत। चम्पावत जिले के एक भाजपा मंडल अध्यक्ष पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक चम्पावत के मंच तल्लादेश मंडल का अध्यक्ष और सल्ली गांव के बीडीसी सदस्य कमल रावत पर यहीं की रहने वाली नाबालिग ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस को दी तहरीर में नाबालिग के परिजनों ने बताया कि आरोपी ने नाबालिग को बहला फुसलाकर उसका शारीरिक शोषण किया। आरोपी लगातार डरा धमकाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करता आ रहा है। आरोपी ने नाबालिग को मामला सार्वजनिक करने या किसी अन्य को इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। लेकिन नाबालिग ने अपने परिजनों को पूरी सच्चाई बता दी। जिसके बाद परिजन कार्रवाई को लेकर पीड़िता संग शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे। जांच अधिकारी पिंकी धामी ने बताया कि मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी कमल रावत के खिलाफ पॉक्सो समेत दुष्कर्म की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया कि शीघ्र टीम का गठन कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


आरोपी चम्पावत पीजी कॉलेज का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष
दुष्कर्म का आरोपी और भाजपा मंडल अध्यक्ष पूर्व में चम्पावत पीजी कॉलेज में छात्रसंघ का अध्यक्ष भी रहा है। इसके अलावा वह सल्ली क्षेत्र से बीडीसी सदस्य भी है। आरोपी पेशे से ठेकेदार भी है। जो हमेशा ही विवादित मामलों में सुर्खियों में भी रहा है। कुछ माह पूर्व लोनिवि में टेंडर प्रक्रिया के दौरान आरोपी ने विभागीय अधिकारियों व ठेकेदारों के सामने टेंडर तक फाड़ डाले थे। इससे पहले गांव की सड़क में घटिया डामरीकरण को लेकर भी आरोपी चर्चाओं में रहा।

एक गुट कार्रवाई को लेकर डालता रहा दबाव
दुष्कर्म के आरोपी पर कार्रवाई को लेकर जहां राजनैतिक दबाव दिनभर रहा। वहीं मुकदमा दर्ज करने को लेकर पार्टी का ही एक चम्पावत का गुट दबी आवाज में कार्रवाई के लिए पुरजोर कोशिश करते रहे। इसके पीछे बीते कुछ सालों में बीडीसी के चुनाव के दौरान की रंजिश भी रही। सूत्र बताते हैं कि यह गुट मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस पर दबाव तक बनाता रहा। दिनभर चम्पावत में इस मामले की चर्चाएं जोरों पर रही। पार्टी के विपक्षी गुट के लोग लगातार एक दूसरे से कार्रवाई का अपडेट लेते रहे।

आठ घंटे बाद केश दर्ज
दुष्कर्म की पीड़िता नाबालिग व उसकी मां और परिजन सुबह दस बजे से पहले ही कोतवाली पहुंच गए थे। सूत्र बताते हैं कि पहले तो पुलिस ने समझौते का सुझाव दिया। लेकिन परिजनों के न मानने पर दूसरा पक्ष भी वहां पहुंचा। जिन्होंने काफी देर तक पीड़िता व उसके परिजनों से मामले को दबाने पर बातचीत की। लेकिन शाम पांच बजे तक पुलिस कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

नाबालिग पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

WhatsApp ShareFacebook
error: Content is protected !!