श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरु गोरखनाथ धाम का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकासखंड चम्पावत अंतर्गत मंच क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की एवं जनपदवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दुबड़ क्षेत्र में धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था विकसित किए जाने हेतु संभावित भूमि का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंदिर तक पहुंचने वाले लगभग 02 किलोमीटर मार्ग एवं परिसर में सीएनडीएस द्वारा कराए गए कार्यों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बेहतर आवागमन हेतु हेलीपैड निर्माण के लिए भी उपयुक्त स्थल का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मंदिर प्रांगण में तैनात एसएसबी के जवानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनके लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान संत-महात्माओं सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

